टीएलपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पाक पुलिसकर्मी....
- फोटो : Twitter
पाकिस्तान के हालात प्रतिबंधित तहरीक-ए-लब्बैक (टीएलपी) के इस्लामाबाद कूच को लेकर काफी खराब हैं। इसे देखते हुए देश के गृहमंत्री शेख राशिद ने टीएलपी के समर्थन में उतरने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे वापस चले जाएं, अन्यथा स्थिति उनके हाथों से बाहर हो जाएगी। गृहमंत्री ने कहा है कि प्रदर्शनकारी जहां भी हैं वे अपने घरों को लौट जाएं।
बता दें कि पाकिस्तान की सरकार ने टीएलपी को प्रतिबंधित संगठनों की सूची में डाला हुआ है और कार्यकर्ता अपने मुखिया साद रिजवी की रिहाई की मांग पर अड़े हैं। अब गृहमंत्री इस बात से परेशान हैं कि यदि इतनी बड़ी तादाद में टीएलपी कार्यकर्ता राजधानी पहुंच गए तो हालात बिगड़ जाएंगे।
यही नहीं, बल्कि उन्हें जहां कहीं भी रेंजर्स ने रोकने की कोशिश की तो वहां भी भीड़ के हिंसक होने की आशंका है। इसी कारण उन्होंने शुक्रवार को चेतावनी जारी की। उधर पीएम इमरान खान पहले ही कह चुके हैं कि किसी भी सूरत से देश को इन प्रदर्शनकारियों के हाथों बंधक नहीं बनने दिया जाएगा।
शुक्रवार को गुजरांवाला से आगे बढ़ी टीएलपी की रैली
पाकिस्तान सरकार की कई चेतावनियों और इस्लामाबाद व रावलपिंडी में रेंजर्स तथा पुलिस की पूरी फौज लगाने के बावजूद प्रतिबंधित तहरीक-ए-लब्बैक (टीएलपी) के कार्यकर्ता गुजरांवाला से शुक्रवार को राजधानी की तरफ दोबारा बढ़ गए। उन्होंने जीटी रोड पर बस स्टैंड के पास रात बिताई। रैली में करीब 5,000 कार्यकर्ता पैदल, कारों और बसों से राजधानी कूच कर रहे हैं।
चिनाब-झेलम नदी पर होगा रेंजर्स से आमना-सामना
इनका पुलिस के अगला आमना-सामना चिनाब और झेलम नदियों के पास होगा इस्लामाबाद पहुंचने का एकमात्र रास्ता है। यहां रेंजर्स ने पहले ही बैरिकेटिंग कर लाल सीमा निर्धारित कर दी है जहां प्रदर्शनकारियों को रोका जाएगा। पुलिस और रेंजरों को यहां प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का भी आदेश चस्पा कर दिया गया है। उन्हें आदेश दिए गए हैं कि किसी भी सूरत में यह मार्च राजधानी की तरफ नहीं बढ़ने देना चाहिए।