अमेरिका में इन दिनों राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव अभियान पूरे जोरों पर हैं। अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने की होड़ में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने एकमात्र प्रतिद्वंदी निक्की हेली हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार निक्की हेली को बड़ा झटका लगा है। रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी को लेकर मंगलवार को हुए नेवादा प्राइमरी के चुनाव में निक्की को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। यहां निक्की को 'उम्मीदवारों में से कोई नहीं' विकल्प से भी कम वोट मिले। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को नेवादा में डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल की।
नेवादा के इन परिणामों को निक्की के लिए बड़ी असफलता के रूप में देखा जा रहा है। प्राइमरी में हार के बाद अब गुरुवार को नेवादा में होने वाले काकस में डोनाल्ड ट्रंप को निक्की टक्कर नहीं दे पाएंगी। बता दें कि नेवादा में रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार तय करने के लिए प्राइमरी और काकस दो प्रक्रियाएं अपनाई जाती हैं। दावेदारों को इनमें से कोई एक विकल्प चुनना होता है। निक्की ने यहां प्राइमरी का विकल्प चुना था। इस कारण अब गुरुवार को होने वाले कॉकस के लिए ट्रंप को वे टक्कर नहीं दे पाएंगी।
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, नेवादा प्राइमरी के चुनावों में 'उम्मीदवारों में से कोई नहीं' विकल्प पर 63 प्रतिशत और हेली को 31 प्रतिशत वोट डाले गए। 'उम्मीदवारों में से कोई नहीं' विकल्प से उम्मीदवारी की रेस हारने के बाद निक्की के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। अब निक्की किसी भी पार्टी की पहली ऐसी राष्ट्रपति उम्मीदवार बन गई हैं जो 'उम्मीदवारों में से कोई नहीं' से उम्मीदवारी की रेस हार गई हैं। एपी के मुताबिक, यह विकल्प 1975 में नेवादा में लागू किया गया था।
बाइडन ने दर्ज की जीत
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने डेमोक्रेटिक पार्टी के नेवादा प्राइमरी में जीत हासिल की। जानकारी के मुताबिक, उन्हें यहां करीब 90 फीसदी वोट मिले। जो बाइडन ने इसके लिए नेवादा के लोगों का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि मैं नेवादा के मतदाताओं को चार साल पहले मुझे और कमला हैरिस को व्हाइट हाउस भेजने के लिए और आज रात फिर से हमें उसी रास्ते पर एक कदम आगे बढ़ाने के लिए धन्यवाद देता हूं। इस दौरान उन्होंने जनता से संगठित होने और मतदान करने की अपील भी की। बाइडन ने कहा, 'एक दिन, जब हम पीछे मुड़कर देखेंगे, तो हम कह पाएंगे, जब अमेरिकी लोकतंत्र जोखिम में था तब हमने इसे एक साथ बचाया था।
इससे पहले, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि निक्की हेली ने उनको मिल रही धमकियों के बीच अमेरिकी सीक्रेट सर्विस से सुरक्षा की मांगी है। एक चुनावी अभियान में हेली ने कहा कि मैंने सुरक्षा की मांग की है, क्योंकि मुझे लगातार धमकियां मिल रही हैं।
धमकियां मुझे रोक नहीं सकती हैं- निक्की हेली
दक्षिण कैरोलिना में निक्की हेली के घर पर हाल के महीनों में मारपीट की घटनाएं हुई थी, जिस वक्त उनके माता-पिता घर पर मौजूद थे। वर्तमान में निक्की हेली चुनाव प्रचार के दौरान निजी सुरक्षा का इस्तेमाल करती है, हालांकि चुनाव से जुड़़े उनके आयोजनों में स्थानीय पुलिस मौजूद रहती हैं। निक्की हेली में उनके कार्यक्रमों में कड़ी सुरक्षा से जुड़े विषय पर पूछा गया था। उस दौरान उन्होंने कहा कि जब आप कुछ बड़ा करते हैं, तो ऐसी धमकियां मिलना आम बात है। लेकिन ये धमकियां मुझे रोक नहीं सकती हैं।