पूर्व अमेरिकी राजनयिक पर क्यूबा के लिए जासूसी के आरोप (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : ANI
पूर्व अमेरिकी राजनयिक पर चार दशक से अधिक समय तक कैरेबियन देश क्यूबा के लिए गुप्त रूप से जासूसी करने का आरोप लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, बोलीविया में राजदूत रहे पूर्व अमेरिकी राजनयिक ने 1981 के बाद से लगातार क्यूबा तक खुफिया जानकारियां पहुंचाईं। अब अमेरिकी न्याय विभाग ने मियामी की एक कोर्ट में इस पूर्व राजनयिक पर क्यूबा की खुफिया सेवा विभाग के गुप्त एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया है।
अमेरिकी न्याय विभाग ने सोमवार को कहा, पूर्व राजनयिक पर क्यूबा के खुफिया विभाग के लिए गुप्तचर के रूप में काम करने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक अदालत से जुड़े दस्तावेज़ों से पता लगा है कि पूर्व राजनयिक- मैनुअल रोचा (Manuel Rocha) क्यूबा के लिए जासूसी कर रहे थे। आरोपों के अनुसार रोचा 1981 से ही क्यूबा के लिए "गुप्त गतिविधि" में संलिप्त थे। आरोपों में क्यूबा के खुफिया पदाधिकारियों के साथ बैठक और अमेरिकी सरकार के अधिकारियों को उनकी यात्रा और संपर्कों के बारे में गलत जानकारी देना शामिल है।
मियामी की संघीय अदालत में दायर शिकायत के मुताबिक रोचा पर दूसरे देश की सरकार के अवैध एजेंट के रूप में काम करने का भी आरोप लगा है। अमेरिकी धरती पर अवैध विदेशी लॉबिंग के खिलाफ न्याय विभाग ने कार्रवाई तेज की है। रोचा पर जासूसी के आरोप इसी सख्ती के बीच सामने आए हैं। 73 वर्षीय शख्स अमेरिकी राजनयिक के रूप में दो दशक तक काम कर चुका है। बोलीविया के अलावा रोचा अर्जेंटीना और हवाना में अमेरिकी अधिकारी के रूप में काम कर चुके हैं।
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) को साल 2022 में रोचा की जासूसी के संबंध में पता चला। उसने क्यूबा के खुफिया एजेंट होने का दावा करने वाले शख्स के साथ गुप्त बैठकें कीं। मियामी में भी बैठक हुई। इसमें रोचा ने कहा था कि उसे सरकार की खुफिया सेवाओं का "नेतृत्व करने" का निर्देश दिया गया था।
आरोप पत्र के अनुसार रोचा ने कहा, "मैंने हमेशा खुद से एक बात कही है। 'केवल किसी का विश्वासघात ही ऐसी चीज है जो उसकी पोल खोल सकती है और खतरे में डाल सकती है। न्याय विभाग अमेरिकी समयानुसार सोमवार को रोचा को अदालत में पेश किया जाएगा।