वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की वजह से पूरी दुनिया में कोहराम मचा हुआ है। इस जानलेवा वायरस की वजह से दुनियाभर में अब तक सात लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं, वहीं इससे अब तक 37 हजार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में स्पेन में 913 मौतों के साथ मृतकों की संख्या 7000, इटली में 812 मौतों के साथ 11000 और फ्रांस में 418 मौतों के साथ मृतकों की संख्या 3000 के पार हो गई। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...
कोरोना वायरस के कोहराम से अमेरिका जैसा शक्तिशाली देश भी त्राहिमाम कर रहा है। इटली-स्पेन के बाद कोरोना वायरस का तीसरा सबसे बड़ा केंद्र बनते जा रहे अमेरिका में पिछले तीन दिन में मरने वालों की संख्या दोगुनी होकर 2400 के पार पहुंच गई है, जबकि अकेले शनिवार को ही पीड़ितों की संख्या 19 हजार से ज्यादा बढ़ गई। दुनिया भर में संक्रमितों का आंकड़ा सात लाख को पार कर गया। इसके बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुरी तरह प्रभावित न्यूयार्क क्षेत्र में लॉकडाउन के प्रस्ताव को फिलहाल खारिज कर दिया है। वैश्विक स्तर पर भी जानलेवा महामारी से मौत का आंकड़ा 33 हजार और अकेले यूरोप में 22 हजार के पार पहुंच चुका है। इसमें 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी अकेले इटली-स्पेन की है।
विज्ञापन
कोरोना वायरस अपडेट्स:- अमेरिका में 3000 से अधिक मौतें
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक अमेरिका में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3000 से अधिक हो गई।
इटली में बढ़ा लॉकडाउन
इटली में हालत को देखते हुए लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया गया है, एएफपी के मुताबिक यह कम से कम 12 अप्रैल तक रहेगा।
विश्व में 37000 से अधिक मौतें
दुनियाभर में 24 घंटे में 3500 से अधिक मौतों के साथ मृतकों की संख्या 37000 से अधिक हो गई है।
इटली में एक लाख से अधिक संक्रमित
अमेरिका के बाद अब इटली में भी संक्रमितों की संख्या एक लाख से अधिक हो चुकी है। यहां पर पिछले 24 घंटे में 812 मौतों के साथ मृतकों की कुल संख्या 11591 हो गई है।
फ्रांस में 3000 मौतें
फ्रांस में पिछले 24 घंटे में 418 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 3024 हो गई है। फ्रांस में अब तक 44,550 मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें 7927 लोग ठीक हुए हैं।
हम संकट के बीच में हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखनी चाहिए
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के महानिदेशक टैड्रोस ऐडरेनॉम गैबरेयेसस ने कहा है कि भले ही हम संकट के बीच में हैं, लेकिन आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखनी चाहिए। शिशुओं का जन्म अभी भी हो रहा है, टीके अभी भी वितरित किए जाने चाहिए और लोगों को अभी भी अन्य बीमारियों के लिए जीवन रक्षक उपचार की आवश्यकता है।
विज्ञापन
यूरोप में 25000 से अधिक मौतें
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक यूरोप में कोरोना वायरस महामारी की वजह से मरने वालों की संख्या 25 हजार के पार हो गई है।
प्रिंस चार्ल्स कोरोना वायरस से उबर गए हैं
प्रिंस चार्ल्स कोरोना वायरस उबर गए हैं। वह सेल्फ आइसोलेशन से बाहर आ गए है। बता दें कि कुछ दिन पहले उन्हें कोरोना से संक्रमित पाया गया। इसके बाद वह सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं। हालांकि, इस दौरान भी वह घर से काम भी करते थे।
क्वारंटीन में गए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू
इजरायल के प्रधानमंत्री के करीबी सहयोगी को कोरोना वायरस से संक्रिमत पाया गया। इसके बाद पीएम बेंजामिन नेतन्याहू क्वारंटीन में चले गए हैं।
ब्रिटेन में 1200 लोगों की मौत
ब्रिटेन में कोविड-19 के पुष्ट मामलों की संख्या 20,000 हो गई है, जबकि 1200 से ज्यादा लोगों की जानें जा चुकी हैं।
ईरान में कोरोना वायरस से 117 और लोगों की मौत, कुल मृतक संख्या 2,757 हुई
ईरान में कोरोना वायरस से सोमवार को 117 और लोगों की मौत हो गई जिससे इस महामारी से मृतकों की आधिकारिक संख्या 2,757 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता किन्यौस जहांपुर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रविवार को इस वायरस के 3,186 और मामलों की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 41,495 पहुंच गई है।
स्पेन में पिछले 24 घंटे में 812 लोगों की मौत
स्पेन में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 812 और लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई, जिससे मृतकों की कुल संख्या 7,340 पहुंच गई है। वहीं, कुल मामले 85,195 हो गए।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार स्पेन में बृहस्पतिवार से 24 घंटे की अवधि में मृतकों की संख्या में पहली बार कमी देखी गई है।
दुनियाभर में इटली के बाद सबसे अधिक प्रभावित स्पेन है। स्पेन में रविवार को 838 लोगों की मौत हुई थी।
ऑस्ट्रेलिया ने वेतन के लिए 130 अरब डॉलर के पैकेज की घोषणा की
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन ने कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित देश के 60 लाख लोगों के वेतन और पारिश्रमिक को बनाये रखने के लिए सोमवार को 130 अरब डॉलर के पेकेज की घोषणा की। स्वास्थ्य प्राधिकरण के अनुसार इस वायरस से देश में अबतक 18 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 4,000 से ज्यादा संक्रमित हैं।
दैनिक अखबर द एज की रिपोर्ट के अनुसार पैकेज के तहत सरकार संघर्ष कर रही कंपनियों की मदद और कर्मचारियों को बनाए रखने के लिए प्रत्येक दो सप्ताह पर प्रति कर्मचारी 1,500 आस्ट्रेलियाई डॉलर की सब्सिडी देगी।
भूटान ने 21 दिनों के लिए बढ़ाई क्वारंटीन की समय सीमा
कोरोनो वायरस से निपटने के लिए भूटान ने कल से शुरू हो रहे क्वारंटीन की समय सीमा को 21 दिनों के लिए बढ़ा दिया है।
ब्राजील के राष्ट्रपति के पृथक करने पर सवाल उठाने वाले दो ट्वीट ट्विटर ने हटाए
ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए किए जा रहे पृथक करने के उपायों पर सवाल उठाते हुए जो ट्वीट किए थे उनमें से दो को ट्विटर ने रविवार को हटा दिया।
इन्हें सोशल नेटवर्क के नियमों का उल्लंघन करने के आधार पर हटाया गया है।
धुर दक्षिणपंथी नेता ब्राजीलिया की सड़कों पर समर्थकों के बीच आए और इस तरह उन्होंने अपनी सरकार की सामाजिक मेल मिलाप से दूरी के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया।
ट्विटर ने वक्तव्य में कहा है कि उसने ऐसी विषयवस्तु संबंधी अपने वैश्विक नियमों का विस्तार किया है जो आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त लोक स्वास्थ्य सूचना की विरोधाभासी हैं और कोविड-19 के प्रसार के जोखिम में लोगों को डालती है।
ट्विटर से हटा दिए गए वीडियो में से एक में बोल्सोनारो एक रेहड़ी-पटरी वाले से कह रहे हैं, ‘लोग कह रहे हैं कि वे काम करना चाहते हैं। मैं शुरू से कहता आ रहा हूं कि हम सतर्क रहेंगे, 65 वर्ष से अधिक आयु वाले घर पर रहें। एक अन्य वीडियो में वह कह रहे हैं, ‘सामान्य हालात की ओर लौटें।’
ब्राजील में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 3,904 है और अब तक 114 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है।
अमेरिका में एक दिन में 518 लोगों की मौत
अमेरिका में कोरोना वायरस के कारण महज 24 घंटे में 518 लोगों की मौत हो गई। जॉन हॉपकिन्स विश्वविद्यालय ने रविवार को यह आंकड़े प्रकाशित किए।
इससे पहले, एक दिन में 453 मौत हुई थी और यह आंकड़ा रविवार को और बढ़ गया। इसके साथ ही कोरोना वायरस के कारण देश में कुल 2,409 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में अब तक कोरोना वायरस के कुल 1,36,880 मामले हो गए हैं जो दुनिया में सर्वाधिक हैं। इटली, चीन और स्पेन में इससे कम मामले रहे हैं।
सिंगापुर में कोरोना वायरस से संक्रमित 42 लोगों में से तीन भारतीय
सिंगापुर में रविवार को सामने आए कोरोना वायरस संक्रमण के 42 नए मामलों में तीन भारतीय शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में संक्रमितों की संख्या अब 844 हो गई है।
मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि इन नए मामलों में से 24 लोग विदेशों से संक्रमित होकर आए हैं और वे यूरोप, उत्तरी अमेरिका, पश्चिम एशिया, दक्षिणपूर्वी एशियाई राष्ट्र संगठन और एशिया के अन्य हिस्सों की यात्रा से लौटे हैं।
तीन संक्रमित भारतीयों में 35 वर्षीय महिला जिसके पास लंबी अवधि का पास है और 34 वर्षीय शख्स शामिल है जिसके पास सिंगापुर में काम करने का पास है। दोनों ही हाल में भारत से गए थे।
वहीं 34 वर्षीय एक अन्य भारतीय में यह संक्रमण घरेलू स्तर पर फैला है।
इसके अलावा सिंगापुर का स्थायी निवासी, 43 वर्षीय एक व्यक्ति भी विदेश से संक्रमित होकर आया था और वह हाल में ही भारत आया था।
लंबे ’लॉकडाउन के लिए तैयार रहें : इटली के प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंते की सरकार ने इटली वासियों को बहुत लंबे समय तक लॉकडाउन के लिए तैयार रहने को कहा है। सरकार की ओर से रविवार को कहा गया कि आर्थिक कठिनाइयों और नियमित दिनचर्या पर तकलीफदेह असर के बावजूद बंद धीरे-धीरे ही हटाया जाएगा।
मंत्रियों और स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से यह संदेश ऐसे समय पर आया है जब इटली में संक्रमण का प्रकोप कम होता दिख रहा है।
इस संक्रमण के कारण इटली में एक दिन में मौत का नवीनतम आंकड़ा 756 है जो शुक्रवार के 969 से कम है।
यहां कोरोना वायरस संक्रमण की दर में कमी आई है और यह पहली बार छह फीसदी से कम हुई है।
बहरहाल, सरकार का पूरा ध्यान लॉकडाउन खत्म होने की अंतिम तिथि तीन अप्रैल पर है।
महामारी के प्रकोप से बेहाल इटली में लगभग सभी प्रकार की कारोबारी गतिविधियां बंद हैं।
इटली में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अब तक 10,779 लोगों की मौत हो चुकी है।
पाक ने कोरोना के बहाने संयुक्त राष्ट्र में उठाया कश्मीर मुद्दा
पाकिस्तान ने कश्मीर में कोरोना वायरस के प्रसार के मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उठाने की कोशिश की। हालांकि किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
रविवार को पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को नौ मार्च को विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी द्वारा लिखे गए पत्र को सार्वजनिक कर दिया।
पत्र में कुरैशी ने जम्मू और कश्मीर में विकट मानवीय स्थिति होने का उल्लेख किया था।
ट्रंप की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले दो हफ्ते में मृत्यु दर में बढ़ोतरी का अंदेशा जताया है। उन्होंने इसे लेकर सभी से सावधानी बरतने को कहा है और लोगों से दिशानिर्देशों का दृढ़ता से पालन करने की अपील की है।
ट्रंप ने कोरोना वायरस पर अपनी दूसरी रोज गार्डन प्रेसवार्ता में कहा कि उनका कहना है कि जिन बचाव उपायों को हम लागू कर रहे हैं वे काफी हद तक संक्रमण के नए मामलों और असमय हो रही मौतों की संख्या घटा सकते हैं।
ट्रंप ने कहा कि हम उम्मीद कर सकते हैं कि एक जून तक हम इस संकट से पार पा लेंगे।
अमेरिका में 30 अप्रैल तक बढ़े सोशल डिस्टेंसिंग के दिशानिर्देश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल डिस्टैन्सिंग के दिशानिर्देशों को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है।
मेक्सिको में चार मौतें
मेक्सिको में 145 नए संक्रमित पाए गए हैं, वहीं देश में चार और लोगों की मौत भी हुई हैं।
विश्व में संक्रमितों की संख्या सात लाख पार, 33000 से अधिक मौतें
दुनियाभर में कोरोना के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 712995 हो गई। पिछले 24 घंटे में यहां 49913 नए मामले सामने आए। वहीं इस जानलेवा वायरस की वजह से मृतकों की संख्या बढ़कर 33598 हो गई।