अमेरिका में दूसरे दिन 2000 मौतें
- अमेरिका में लगातार दूसरे दिन 2000 लोगों की मौत हुई है, यहां अब तक 14000 से अधिक मौते हुई हैं वहीं संक्रमितों की संख्या चार लाख से अधिक हो गई है।
ट्रंप ने WHO पर उठाए सवाल
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डब्ल्यूएचओ पर सवाल खड़े किए हैं। ट्रंप ने कहा, 'विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 14 जनवरी को एक बयान दिया कि मानव-से-मानव संक्रमण नहीं था, जबकि वहां था। उन्होंने मेरी कड़ी आलोचना की जब मैंने कहा कि हम चीन से आने वाली उड़ानों को बंद करने जा रहे हैं। कई मायनों में, वे गलत थे।
ट्रंप ने भारत को कहा- शुक्रिया
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि असाधारण परिस्थितियों में दोस्तों के बीच घनिष्ठ सहयोग की आवश्यकता होती है। हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन पर निर्णय लेने के लिए भारत और भारतीय लोगों को धन्यवाद। इसे भुलाया नहीं जा सकेगा! इस लड़ाई में न केवल भारत, बल्कि मानवता की मदद करने में अपने मजबूत नेतृत्व के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया।
दुनियाभर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 82,000 के पार
- श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने जानकारी दी है कि भारत की ओर से दवाओं की एक खेप बुधवार को यहां पहुंंच गई है।
- कोरोना वायरस से दुनिया भर में मरने वाले लोगों की संख्या बुधवार को 82,726 पर पहुंच गई। एएफपी द्वारा अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 11 बजे तैयार की गई तालिका से यह जानकारी मिली है।
- चीन के वुहान में दिसंबर में इस संक्रमण का पता चलने के बाद से अब तक 192 देशों में संक्रमण के 1,438,290 पुष्ट मामले सामने आए हैं। इनमें से कम से कम 275,500 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। वहीं, अमेरिका में इस अवधि में सर्वाधिक 890 मौतें हुईं।
न्यूयॉर्क में पिछले 24 घंटे में 799 लोगों की मौत
- न्यूयॉर्क में पिछले 24 घंटे में 799 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही यूरोप में मौत का आंकड़ा 60, 000 तक पहुंच गया है।
ब्रिटेन में 938 नए लोगों की मौत
- ब्रिटेन ने बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण से रिकॉर्ड 938 लोगों की मौत की जानकारी दी है और इसी के साथ संक्रमण से मरने वालों की संख्या 7000 को पार कर गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट किया, 'सात अप्रैल शाम पांच बजे तक अस्पताल में भर्ती 7,097 लोगों की दुखद मौत हो गई।'
कोरोना वायरस के कारण हो सकती है गहन आर्थिक मंदी
- विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के प्रमुख रॉबर्टो अजेवेडो का कहना है कि कोरोना वायरस महामारी हमारे जीवनकाल की गहन आर्थिक मंदी का कारण बन सकती है।
स्पेन में 757 लोगों की मौत
- स्पेन में एक बार फिर कोरोना वायरस का कहर बढ़ गया है। लगातार दूसरे दिन मरने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक बुधवार को 757 लोगों की मौत हो गई।
नेपाल ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक को 30 अप्रैल बढ़ा दिया है
- नेपाल ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। साथ ही, लॉकडाउन के चलते देश में फंसे पर्यटकों के वीजा का नि:शुल्क नवीकरण करने का फैसला किया गया है। उच्चस्तरीय सरकार समन्वय समिति ने मंगलवार को ये फैसले लिये। नेपाल में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या नौ हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने 30 जून तक शांतिरक्षकों की तैनाती को निलंबित किया
- संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कोरोना वायरस के प्रसार के खतरे को कम करने के लिए 30 जून तक शांतिरक्षकों की अदला बदली और तैनाती को निलंबित कर दिया है।
- महासचिव एंटोनियो गुटेरस के प्रवक्ता स्टीफेन दुजारिक ने मंगलवार को बताया कि हमारी प्राथमिकताएं सैनिकों की कोविड-19 से रक्षा सुनिश्चित करना और उस खतरे को कम करना है।
- उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सैनिकों और पुलिस के साथ योगदान करने वाले देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
लोक गायक जॉन प्राइन का निधन
- अमेरिका के मशहूर लोक गायक जॉन प्राइन का निधन कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद आई दिक्कतों की वजह से हो गया। वह 73 साल के थे।
- प्राइन के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकरी 17 मार्च को सामने आई थी और उनका निधन मंगलवार को हो गया।
- उनकी पत्नी और प्रबंधक फियोना ने तीन अप्रैल को एक ट्वीट करके बताया था कि प्राइन की हालत काफी गंभीर है।
- उनके निधन की खबर के बाद संगीत की दुनिया में शोक की लहर है और कई जाने-माने गायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
उरुग्वे तट पर क्रूज पोत में सवार ज्यादातर लोग संक्रमित
- मोंटेवीडियो के उरुग्वे के तट पर एक क्रूज पोत पर सवार 217 लोगों में से करीब 60 प्रतिशत लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
- जहाज पर सवार लोगों में से ज्यादातर ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और अमेरिका के हैं।
- ग्रेग मोर्टाइमर पोत के ऑस्ट्रेलियाई संचालक ऑरोरा एक्सपेडिशंस ने मंगलवार को बताया कि जहाज पर अभी किसी को बुखार नहीं है और किसी में भी लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं।
- ग्रेग मोर्टाइमर अंटार्कटिका और दक्षिण जॉर्जिया की यात्रा पर 15 मार्च को रवाना हुआ था।
- ऑरोरा एक्सपेडिशंस ने बताया कि जहाज पर सवार 217 लोगों की जांच की गई जिनमें से 128 संक्रमित पाए गए और 89 संक्रमित नहीं पाए गए।
जॉनसन ने आईसीयू में बिताई लगातार दूसरी रात
- कोरोना वायरस से संक्रमित ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को लगातार दूसरी रात भी आईसीयू में बितानी पड़ी।
- देश में 55,000 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और करीब 6,200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
- विदेश मंत्री डॉमिनिक राब ने कहा कि मुझे विश्वास है कि वह इससे भी निकल जाएंगे क्योंकि मैं इस प्रधानमंत्री के बारे में एक बात जानता हूं, वह योद्धा हैं और वह वापस लौटेंगे और जल्द ही इस संकट में हमारा नेतृत्व करेंगे।
अमेरिकी नौसेना के प्रमुख ने दिया इस्तीफा
- विमान वाहक पोत ‘यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट’ पर कोरोना वायरस की स्थिति से निपटने और फिर उसके कप्तान को हटाने के बाद उठे सवालों के बीच अमेरिका के कार्यवाहक नौसेना प्रमुख थॉमस मोडली ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया।
- अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने यह जानकारी दी।
- विमान वाहक पोत ‘यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट’ पिछले 11 दिन से गुआम में खड़ा है ताकि इसके चालक दल के सदस्यों की कोरोना वायरस की जांच की जा सके। इसके 100 से अधिक सदस्य अब तक कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं।
अमेरिका में मृतकों की संख्या 12 हजार के पार, ट्रंप बोले- आशंका से कम
- अमेरिका में कोरोना वायरस के कारण एक ही दिन में 2000 लोगों की मौत के साथ मंगलवार को मृतकों की संख्या 12,700 से ज्यादा हो गई।
- ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जितनी आशंका थी, हम उससे कम मौत देख रहे हैं।
- अमेरिका में कोविड-19 का केंद्र रहे न्यूयॉर्क में अकेले 5,400 लोगों की मौत हुई है और 1,38,000 लोग संक्रमित पाए गए। इसके बाद न्यूजर्सी में 1,200 लोगों ने जान गंवाई और 44,416 मामले सामने आए।
पुलित्जर पुरस्कार की घोषणा होगी स्थगित
- पुलित्जर पुरस्कार बोर्ड इस साल के विजेताओं की घोषणा को स्थगित करने का फैसला किया है।
- बोर्ड के कुछ सदस्य वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप की खबरें करने में व्यस्त हैं। संगठन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
- बोर्ड ने कहा कि पत्रकारिता और कला के क्षेत्र में प्रदान किए जाने वाले पुलित्जर पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा 20 अप्रैल से 4 मई तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
- पुलित्जर पुरस्कार प्रदान करने वाली संस्था की प्रशासक डाना कैनेडी ने कहा कि बोर्ड में कई पत्रकार शामिल हैं जो इस समय कोरोना वायरस महामारी पर रिपोर्टिंग करने में लगे हुए हैं।
चीन के वुहान में 76 दिन बाद लॉकडाउन खत्म
- चीन का वुहान जहां से कोरोना वायरस महामारी शुरू हुई और पूरी दुनिया में फैल गई, वहां 11 हफ्ते के बाद लॉकडाउन खत्म हो गया है।
- वुहान में लॉकडाउन को देखते हुए ही दुनिया के कई देशों ने इस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन का यही मॉडल अपनाया था।
- अधिकारियों ने वुहान के लोगों को बाहर आने जाने की इजाजत दे दी है।
- बुधवार की मध्य रात्रि से लॉकडाउन खत्म होने के बाद शहर के 1.1 करोड़ लोगों को अब कहीं भी आने जाने के लिए विशेष अनुमति की जरूरत नहीं होगी बशर्ते अनिवार्य स्मार्ट फोन एप्लिकेशन में यह पता चलता हो कि वे स्वस्थ हैं और किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में नहीं आए हैं।
अमेरिका में 24 घंटे में 2000 लोगों की मौत, डब्ल्यूएचओ की फंडिंग पर लगाएगा रोक
- समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में करीब 2000 लोगों की मौत हुई है।
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह विश्व स्वास्थ्य संगठन के वित्त पोषण पर रोक लगा रहे हैं।
- ट्रंप ने डब्ल्यूएचओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए फंडिंग रोकने की बात कही।
- ट्रंप ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन को अमेरिका से बड़ी मात्रा में धन प्राप्त होता है, उन्होंने मेरे द्वारा लगाए गए यात्रा पर प्रतिबंध की आलोचना की और असहमती जताई।
- वे बहुत सारी चीजों के बारे में गलत थे। वे बहुत चीन-केंद्रित लगते हैं। हम डब्ल्यूएचओ पर खर्च होने वाली रकम पर रोक लगाने जा रहे हैं।
ट्विटर के सीईओ ने 100 करोड़ डॉलर का दिया आर्थिक सहयोग
- ट्विटर के संस्थापक और कार्यकारी निदेशक जैक डोर्सी ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में 100 करोड़ डॉलर का योगदान देने की घोषणा की।
- डोर्सी ने मंगलवार को ट्वीट किया कि कोरोना से जुड़े राहत कार्यों के लिए मैं अपनी स्क्वेयर इक्विटी के 100 करोड़ डॉलर (अपनी संपत्ति का 28 प्रतिशत) से एक छोटी एलएलसी शुरू करने जा रहा हूं।
- इस फंड से वैश्विक कोरोना वायरस महामारी से लड़ने में राहत मिलेगी। कोरोना संकट से उबरने के बाद इस हमारा ध्यान दुनियाभर की लड़कियों के स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ यूबीआई पर केंद्रित होगा। यह पारदर्शी रूप से संचालित होगा।
यहां पढ़ें 07 अप्रैल (मंगलवार) के सभी अपडेट्स
यहां पढ़ें 06 अप्रैल (सोमवार) के सभी अपडेट्स
यहां पढ़ें 05 अप्रैल (रविवार) के सभी अपडेट्स
यहां पढ़ें 04 अप्रैल (शनिवार) के सभी अपडेट्स
यहां पढ़ें 03 अप्रैल (शुक्रवार) के सभी अपडेट्स
यहां पढ़ें 02 अप्रैल (गुरुवार) के सभी अपडेट्स
यहां पढ़ें 01 अप्रैल (बुधवार) के सभी अपडेट्स