दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब तक कोरोना संक्रमण से एक लाख 19 हजार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 19 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। वहीं, चार लाख 45 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। ब्रिटेन में पिछले 24 घंटे में 717 लोगों की जान चली गई। दूसरी तरफ स्पेन में मौत का आंकड़ा कम होने की वजह से लॉकडाउन में थोड़ी ढील दी गई है। वहीं, इटली में मृतकों की संख्या 20,000 के पार पहुंच गई है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...
जॉन हॉप्किंस विश्वविद्यालय की वेबसाइट के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1509 लोगों की मौत हुई है।
विज्ञापन
USCIRF ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव पर जताई चिंता
अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर नज़र रखने वाली एजेंसी यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम ने पाकिस्तान में हिंदू और क्रिस्चियन जैसे अल्पसंख्यकों को कोरोना महामारी के दौरान खाना उपलब्ध नहीं करवाने पर चिंता जताई है।
IMF ने 25 गरीब देशों को ऋण में राहत दी
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने 25 गरीब देशों को ऋण में राहत दी है जिससे कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए फंड जमा करने में मदद मिले।
विज्ञापन
तुर्की में रिहा होंगे हजारों कैदी
तुर्की की संसद ने एक कानून को मंजूरी दे दी है जिससे हजारों कैदियों को रिहा किया जाएगा। कोरोनोवायरस के प्रकोप को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से यह फैसला लिया गया है।
फ्रांस में 11 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, मौतों में हो रही कमी
फ्रांस में 24 घंटे में 574 लोगों की मौत हुई है, इसके साथ ही यहां मृतकों की संख्या भी 15000 पहुंचने वाली है।
वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश में लॉकडाउन को 11 मई तक के लिए बढ़ा दिया है।
मैक्रों ने कहा है कि देश में कोरोना का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने देश की गैर-यूरोपीय देशों के साथ अपनी सीमाओं को अगली सूचना तक बंद रखने का भी आदेश दिया है।
नाइजीरिया में बढ़ा लॉकडाउन
नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मद बुहारी कोरोना की वजह से लागोस और अबुजा में लॉकडाउन को बढ़ा दिया है।
इटली में मृतकों की संख्या 20,000 के पार
इटली में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इटली में कोरोना से मरने वालों की संख्या 20,000 के पार पहुंच गई है।
कोविड-19 स्वाइन फ्लू से 10 गुना ज्यादा खतरनाक
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) ने कोरोना वायरस को स्वाइन फ्लू से 10 गुना ज्यादा खतरनाक बताया है।
न्यूयॉर्क में मृतकों की संख्या 10,000 के पार
न्यूयॉर्क में कोरोना वायरस से होने वाली मौत की संख्या 10,000 के पार हो गई है। न्यूयॉर्क के गवर्नर ने इस बात की जानकारी दी है।
स्पेन में लॉकडाउन में थोड़ी ढील
कोरोना की मार झेलने वाले स्पेन ने सोमवार को लॉकडाउन में थोड़ी ढील दी है।
देश में मौत का आंकड़ा कम होने के बाद कुछ फैक्टरियों को खोलने का फैसला किया है।
ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 11 हजार पार
ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मौत का आंकड़ा 11 हजार पार हो चुका है। जानकारी के मुताबिक अब तक 11 हजार 329 लोगों की मौत हो चुकी है।
ब्रिटेन सरकार के स्वास्थ्य एवं सामाज कल्याण विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 717 लोगों की जान गई।
नेपाल में आज दो नए मामले
पड़ोसी देश नेपाल में कोरोना संक्रमण के आज दो नए मामले सामने आए हैं।
कैलाली निवासी एक 65 वर्षीय महिला और रौटाहाट निवासी एक 19 साल का किशोर संक्रमित पाए गए हैं।
नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि देश में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 14 हो गई है।
पाकिस्तान के पंजाब में 20 डॉक्टर पॉजिटिव
पाकिस्तान के पंजाब में सोमवार को कम से कम 20 डॉक्टरों कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
प्रांत में इस खतरनाक वायरस से संक्रमित स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या 50 पहुंच गई है।
पाकिस्तान मेडिकल एसोसिएशन ने कहा है कि पूरे देश में 100 से ज्यादा डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
एसोसिएशन ने इसके लिए इमरान सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करा रही है।
‘घर से न निकलने’ का संदेश देने पर जापानी प्रधानमंत्री की आलोचना
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के ‘घर के अंदर ही रहें के रविवार के संदेश पर सोशल नेटवर्क पर गुस्से से भरी प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं।
सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने उन्हें ऐसे लोगों के प्रति असंवेदनशील बताया है जो सरकार के सामाजिक दूरी संबंधी कदमों के चलते घर पर नहीं रह सकते और उन्हें इसके बदले में कोई मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है।
आबे ने टोक्यो और छह अन्य प्रांतों में पिछले मंगलवार को आपात स्थिति की घोषणा कर दी थी और लोगों से घर पर रहने और एक-दूसरे से मिलने-जुलने में 80 फीसदी तक कमी लाने को कहा था।
रविवार तक जापान में संक्रमण के 7,255 मामले थे जबकि इस साल की शुरुआत में पृथक खड़े किए गए जहाज से 712 अन्य मामले भी सामने आए थे।
पाकिस्तान में 334 नए मामले, अब तक 93 की मौत
पाकिस्तान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यहां पिछले 24 घंटे में 334 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ संक्रमित लोगों की संख्या 5,374 हो गई है।
वहीं इससे संक्रमित सात लोगों के जान गंवाने के बाद मृतकों की संख्या 93 हो गई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने बताया कि 1,095 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं, लेकिन 44 लोगों की हालत नाजुक है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पंजाब में 2,594, सिंध में 1,411 , खैबर पख्तूनख्वा में 744, बलूचिस्तान में 230, गिलगित-बाल्टिस्तान में 224, इस्लामाबाद में 131 और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कोरोना वायरस के 40 मामले हैं।
आंकड़ों के अनुसार अभी तक कुल 65,114 नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 3,233 जांच पिछले 24 घंटे में की गई।
न्यूयॉर्क शहर में चीन, ब्रिटेन से अधिक हुए संक्रमण के मामले
अमेरिका में कोविड-19 वैश्विक महामारी के केंद्र न्यूयॉर्क शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर एक लाख से अधिक हो गए हैं।
यह संख्या चीन और ब्रिटेन में संक्रमित लोगों की संख्या से भी ज्यादा है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार रविवार को कम से कम 5,695 नए मामले सामने आने के बाद शहर में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,04,410 से अधिक हो गई है और 27,676 लोग अस्पतालों में भर्ती है।
शहर में कोरोना वायरस के कारण 6,898 लोगों की मौत हो चुकी है।
जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के अनुसार ब्रिटेन में 85,208, चीन में 83,135 और ईरान में 71,686 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं।
न्यूयॉर्क राज्य में 1,89,000 मामले सामने आए हैं और 9,385 लोगों की मौत हो चुकी है।
सिंगापुर में 233 नए मामले, 59 भारतीय शामिल
सिंगापुर में 233 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 59 भारतीय हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,532 हो गई है। देश में संक्रमण से आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
संक्रमण के स्रोत सात नए सार्वजनिक स्थानों के बारे में पता लगाया है जिनमें एक पांच सितारा कैसीनो-रिजॉर्ट परिसर का रेस्तरां भी शामिल हैं। इस रेस्तरां में आने वाले आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और मैक्डोनल्ड्स में आने वाले पांच लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
अस्पताल में भर्ती 976 लोगों में से 31 की हालत गंभीर हैं और वे आईसीयू में हैं जबकि अन्य लोगों की हालत स्थिर है या उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
चीन में 108 नए मामले, मृतक संख्या 3,341 हुई
चीन में बीते कुछ सप्ताह में पहली बार कोविड-19 के 100 से अधिक नए मामले सामने आए है।
कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित हुबेई प्रांत में इससे दो और लोगों की जान जाने के बाद देश में इससे मरने वालों की संख्या 3,341 हो गई।
इन नए मामलों के साथ ही चीन में संक्रमित लोगों की कुल संख्या रविवार तक 82,160 हो गई।
शीर्ष तेल उत्पादक देश ऐतिहासिक कटौती को तैयार
शीर्ष तेल उत्पादक देशों ने कोरोना वायरस संकट और सऊदी अरब-रूस के बीच कीमत यु्द्ध के चलते कच्चे तेल के दाम में आई गिरावट को थामने के लिए उत्पादन में ऐतिहासिक कटौती करने पर सहमति जताई है।
जिसके बाद सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में अमेरिकी बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई शुरुआती कारोबार के दौरान 7.7 प्रतिशत बढ़कर 24.52 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जबकि ब्रेंट क्रूड पांच प्रतिशत की तेजी के साथ 33.08 डॉलर प्रति बैरल पर था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस समझौते का स्वागत किया है और इसे सभी के हित में बताया।
उन्होंने कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को धन्यवाद तथा बधाई देना चाहते हैं।
इजराइल के पूर्व प्रमुख रब्बी एलियाहू का निधन
विभिन्न धर्मों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करने के लिए पहचाने जाने वाले इजराइल के पूर्व प्रमुख रब्बी एलियाहू बख्शी डोरोन का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया।
वह 79 वर्ष के थे। बख्शी डोरोन 1993 से 2003 के बीच इजराइल के प्रमुख रब्बी थे। उनका यरूशलम के शारे तेडेक अस्पताल में निधन हो गया।
1941 में यरूशलम में जन्मे बख्शी-डोरोन इजराइल के प्रमुख रब्बी चुने जाने से पहले 18 साल तक हैफा के प्रमुख रब्बी रहे।
ह्यूस्टन विश्वविद्यालय ने शुरू की आपातकालीन निधि
ह्यूस्टन विश्वविद्यालय ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण अनपेक्षित वित्तीय मुश्किलें झेल रहे छात्रों की सहायता के लिए अपने आपातकालीन निधि की पुन: शुरुआत की है।
इस विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र पढ़ते हैं।
‘कॉगर आपातकालीन निधि’ महामारी के कारण वित्तीय मुश्किलों के बीच योग्य छात्रों के पढ़ाई संबंधी खर्चों के लिए धन मुहैया कराएगी। विश्वविद्यालय को पांच लाख डॉलर जुटाने की उम्मीद है।
अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1514 मौतें
कोरोना वायरस की वजह से अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1514 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही यहां मृतकों की संख्या 22000 के पार हो गई है।