दक्षिणी नेपाल के रौतहट जिले में एक कार के तालाब में गिर जाने से चार भारतीय की मौत हो गई। यह जिला भारतीय सीमा के नजदीक है। संदेह किया जा रहा है कि कार का चालक और अन्य सवार शराब के नशे में थे। मृतकों की पहचान दीनानाथ साह (25), अरुण साह (30), दिलीप महतो (28), अमित महतो (27) के तौर पर हुई है। वे सभी बिहार के रहने वाले हैं।
एक अधिकारी के मुताबिक झुनखुनवा खंड के गौर-चंद्रपुर रोड पर यह हादसा शनिवार की रात को हुआ। सुरक्षाकर्मियों ने कार के शीशे तोड़कर घायलों को बचाने का प्रयास किया मगर अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हौतहट पुलिस ने भारत में पुलिस से संपर्क किया और मृतकों की तस्वीरें भेजीं। पुलिस के मुताबिक ये लोग दीवानीगोनाही में अपने रिश्तेदार के यहां से छठ पूजा मनाकर घर लौट रहे थे।
तालिबान की अंतरिम सरकार के विदेश मंत्री अब्दुल खान मुत्ताकी ने रविवार को कहा कि अफगानिस्तान भारत समेत किसी देश से संघर्ष नहीं चाहता है। उन्होंने कहा, हम नहीं चाहते कि अफगानिस्तान का किसी अन्य देश से संघर्ष या चुनौतियां हों, जो हमारे देश को प्रभावित करेे।
तालिबान की अतंरिम सरकार के विदेश मंत्री ने पहली बार की किसी महिला पत्रकार से बातचीत
मुत्ताकी ने बीबीसी उर्दू की महिला संवाददाता से से नई दिल्ली और तालिबान के रिश्तों के सवाल पर बातचीत में यह बात कही। किसी महिला पत्रकार को दिया यह मुत्ताकी का पहला साक्षात्कार था। यह पूछे जाने पर कि क्या अफगानिस्तान के भारत के साथ घनिष्ठ संबंध होने पर चीन या पाकिस्तान की ओर से कोई प्रतिक्रिया हुई।
इसका सीधा जवाब देने के बजाय मुत्ताकी ने मॉस्को में हाल की बैठकों का जिक्र किया। उसने कहा कि जब हम मॉस्को सम्मेलन में भाग ले रहे थे तो भारत, पाकिस्तान और कई अन्य देशों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। हमने सकारात्मक बातचीत की। हम किसी देश का विरोध नहीं करेंगे।
मुत्ताकी का यह बयान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की नई दिल्ली में अफगानिस्तान पर आठ देशों के संवाद की अध्यक्षता करने के कुछ दिनों बाद आया है। इस बैठक में ईरान, कजाकस्तान, किर्गज गणराज्य, रूस, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के अधिकारियों ने भाग लिया था।
नीदरलैंड में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर लागू किए लॉकडाउन के बाद उत्तरी शहर यूट्रेक्ट में बड़ी तादाद में विरोध प्रदर्शन हुए। ल्यूवॉर्डन में सैकड़ों युवकों ने लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन किया। नीदरलैंड की लगभग 85 प्रतिशत आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो गया है, 24 घंटों में यहां सर्वाधिक16,364 नए मामले सामने आए हैं।
अमेरिका के लिंकन में बच्चों के लिए बने चिड़ियाघर में कोरोना से तीन हिम तेंदुओं की मौत हो गई है। फेसबुक पोस्ट में चिड़ियाघर ने बताया कि रेनी, एवरेस्ट व मकालू नाम के इन हिम तेंदुओं को पिछले महीने से दो साइबेरियाई बाघों के साथ कोरोना का इलाज हो रहा था। बाघों की हालत में सुधार है लेकिन तेंदुए नहीं बचाए जा सके।