फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War: हमास और इस्राइल के बीच होगा युद्धविराम? ट्रंप ने खींचा शांति का खाका

वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम Updated Mon, 06 Oct 2025 03:21 AM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को खत्म करने का प्रयास जारी है। उन्होंने शनिवार को बताया कि इस्राइल प्रारंभिक वापसी रेखा पर सहमत हो गया है और हमास की पुष्टि के बाद युद्धविराम लागू किया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि हमास की सहमति के बाद कैदियों और बंधकों की अदला-बदली की जाएगी। बता दें कि इस्राइल और हमास सोमवार को मिस्र में अप्रत्यक्ष वार्ता की तैयारी में हैं। युद्धविराम की उम्मीदें बढ़ गईं हैं। 

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इस हफ्ते युद्धविराम और बंधकों की रिहाई हो सकती है। यह बातचीत ऐसे समय में होने जा रही है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास के उस बयान का स्वागत किया है, जिसमें उसने अमेरिका की योजना के कुछ हिस्सों को स्वीकार किया है। इससे पहले इस्राइल भी इस युद्ध को खत्म करने के अमेरिका के नए प्रयासों का समर्थन कर चुका है। 

मिस्र के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि मिस्र सोमवार को इस्राइल और हमास के प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी करेगा, जिससे कि इस्राइली बंधकों के बदले फलस्तीनी कैदियों के आदान‑प्रदान पर चर्चा हो सके। मिस्र के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ भी इन वार्ताओं में शामिल हो रहे हैं। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी। 

इस मामले पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि हम उन सभी बंधकों की रिहाई के सबसे नजदीक हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर हमास ट्रंप की योजना को स्वीकार कर लेता है तो दो चरण होंगे- बंधकों की रिहाई और इस्राइल का उस पीली रेखा तक पीछे हटना, जहां वह अगस्त 2024 में था। आठ इस्लामी देशों के विदेश मंत्रियों ने रविवार को एक संयुक्त बयान जारी कर संभावित युद्धविराम की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का स्वागत किया। 

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें