उत्तरकाशी की तांबाखानी सुरंग के अंदर बीते बुधवार देर शाम को एक बाइक सवार की दुर्घटना में मौत हो गई। किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार चुंगी बड़ेथी निवासी 33 वर्षीय नवीन राणा बीते देर शाम को करीब साढ़े आठ बजे तांबाखानी सुरंग से गुजर रहा था। इसी वक्त बाइक को अज्ञात कार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसको गंभीर चोटें आई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने घायल को सीपीआर देकर बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसने जल्द ही दम तोड़ दिया। सुरंग के अंदर बाइक सवार की दुर्घटना में मौत मामले में परिजनों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने जल्द से जल्द वाहन चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की मांग की। मृतक युवक के परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से टक्कर मारकर फरार चल रहे आरोपी चालक को पकड़ने की मांग रखी। घटना के कई घंटे बीतने के बाद भी अभी तक पुलिस की ओर से गाड़ी का पता न लगाने पर मृतक के परिजन और गांववासी भड़क गए।