रुद्रपुर में सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग की टीमों ने उप संभाग क्षेत्र में नियमों का पालन कराने के लिए रोको-टोको अभियान चलाया। टीम ने नियमों का पालन न करने वालों को नियमों का पाठ पढ़ाने के साथ ही नियम पालन करने वाले वाहन चालकों और सवारियों को चॉकलेट और फूल दिए। परिवहन विभाग के मुख्यालय से तय कार्यक्रम के तहत रोको-टोको अभियान के लिए उप संभाग में कई टीमों का गठन किया गया था। टीम ने नियमों का पालन न करने वाले वाहनों रो रोककर चालकों को टोका और नियमों का पालन न करने के संबंध में सवालात किए। नियमों का पालन न करने से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। टीम में एआरटीओ प्रवर्तन नवीन सिंह, परिवहन कर अधिकारी गोविंद सिंह, यातायात उप निरीक्षक गोकुल सिंह सुप्याल के साथ ही अन्य कर्मी शामिल थे।