काशीपुर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को किसी भी रूप में कोई भी मोहलत नहीं दी जाएगी। सरकार को झुकना पड़ेगा, जो दोषी हैं उनको दंड देना पड़ेगा। मृतक की अंतिम इच्छा का सम्मान कानून के तहत सरकार को करना पड़ेगा। अगर दो दिनों में सरकार पीड़ित परिवार को न्याय नहीं दिला पाती है, तो कांग्रेस पुलिस महानिदेशक का घेराव करेगी। ग्राम पैगा दक्षिणी निवासी मृतक सुखवंत सिंह के निवास पर मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक आदेश चौहान व भुवन चंद्र कापड़ी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता पहुंचे। यहां सभी ने पीड़ित परिवार से वार्ता की और परिवार को न्याय दिलाने की बात कही। इसके बाद सभी काशीपुर स्थित मंडी गेस्ट हाउस में पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आपस में विचार-विमर्श कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की योजना बनाई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि यह कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है। यह न्याय युद्ध है। वीडियो में दिखाई पड़ता है कि उसे कितनी प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उसके शब्द आज भी हमें कचोटते हैं। यह सब सरकार की सह पर हुआ है, इसमें कोई संदेह नहीं है। पुलिस प्रशासन ने भूमाफियाओं के साथ गठजोड़ करके उसे इस स्तर पर ला दिया कि उसे मौत को गले लगाना पड़ा। सारे सबूतों के बावजूद दुर्भाग्य है कि सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वीडियो में जिन लोगों का नाम आ रहा है, जिसमें कुछ लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है और कुछ लोगों को लाइन हाजिर किया गया है। लेकिन उसमें जो अन्य अभियुक्त हैं, जिसमें जिले के मुखिया का नाम भी लिया है, उन्हें भी सस्पेंड करना चाहिए। लेकिन सरकार ऐसा नहीं करेगी। हम चाहते हैं कि नौजवान को न्याय मिले। कांग्रेस किसी भी हद तक जाकर इस लड़ाई को लड़ेगी। हम लगातार कहते रहे हैं कि जंगलराज इस राज्य में कायम हो चुका है। पुलिस प्रशासन कानून की रखवाली के बजाय कानून का भक्षक बन चुका है।