राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण उपाध्यक्ष विनय रुहेला बृहस्पतिवार देर शाम रुद्रपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। बालाजी मंदिर, आदर्श कॉलोनी, रेन बसेरा, बाटा चौक और भगत सिंह चौक सहित कई स्थानों पर जरूरतमंद, निराश्रित लोगों को ठंड से बचाने के लिए कंबल बांटे। साथ ही अलाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रुहेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दृष्टिगत सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, रेन बसेरों में अलाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं, ताकि किसी भी व्यक्ति को ठंड के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरतमंदों तक समय रहते सहायता पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं कोई असहाय व्यक्ति ठंड से प्रभावित दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि इस सर्द मौसम में कोई भी व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे और सभी सुरक्षित रहे। इस मौके पर मेयर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल आदि मौजूद रहे।