नगर निगम परिसर काशीपुर में दो पूर्व सैनिकों को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया। इससे पूर्व सैनिकों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में पूर्व सैनिक संगठन के लोगों ने कोतवाली में पहुंचकर मामले की तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एमएसडब्ल्यू एम प्राइवेट लिमिटेड काशीपुर नगर निगम में डोर टू डोर कूड़ा प्रबंधन का काम संभालती है। कंपनी के मैनेजर सूबेदार (सेनि.) मानसिंह और उप प्रबंधक हर्षवर्धन ने बताया मंगलवार को साढ़े तीन बजे के आसपास नगर निगम परिसर में डोर- टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन चालक और तीन अज्ञात लोग नशे में थे। किसी बात को लेकर बहस करने लगे, जब उन्होंने विरोध किया तो मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। उन्होंने किसी तरह खुद को उनके चंगुल से बचाया। वह किसी तरह जान बचाकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस टीम को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। बताया कि मौके पर पेट्रोल तो मिला लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। पूर्व सैनिकों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। - अभय सिंह, एएसपी, काशीपुर पूर्व सैनिक संगठन आक्रोशित घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सैनिक संगठन आक्रोशित हो गया और बुधवार को पूर्व सैनिकों के साथ एकत्र होकर पूर्व सेनानी एकता संगठन के अध्यक्ष कै. विक्रम सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने इस घटना के दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने और पूर्व सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।