प्रकृति और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम तैयारियों में जुटा है। मेयर विकास शर्मा व नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने शनिवार को नगर निगम और सिंचाई विभाग की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों फुलसुंगा, फुलसुंगी, कल्याणी नदी और जगतपुरा सहित कई स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कहा कि घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय है। मेयर ने स्वयं नगर निगम की टीम और पूर्वांचल समाज के सदस्यों के साथ श्रमदान कर घाटों पर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा हमारे सभी पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देते हैं। छठ पूजा नदियों, सूर्य और पर्यावरण के संरक्षण का प्रतीक है। नगर निगम इस दिशा में हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।