रुद्रपुर में जिला पंचायत की बैठक में सदस्यों ने झूलते तारों के साथ ही निजी जमीन में बिजली पोल लगाने का मामला जोरशोर से उठा। सदस्यों ने राशन कार्ड न बनने पर सवाल खड़े किए। स्मार्ट मीटर को लेकर संशय जताया। सोमवार को जिपं अध्यक्ष अजय मौर्या की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने सितारगंज, दिनेशपुर क्षेत्र में बिजली के झूलते तारों के कारण उत्पन्न खतरे का मामला उठाया। ऐंचला के जिपं सदस्य भास्कर सम्मल, सरकड़ा के जिपं सदस्य सूरज नारायण ने कहा कि लोगों की जमीन पर लगे बिजली के पोल मकानों के लिए खतरा बने हुए हैं। ऊर्जा निगम पोलों को शिफ्ट नहीं कर रहा है। सदस्यों ने राशन पात्रों के राशन कार्ड न बनने का मामला उठाया। कहा कि अपात्र घोषित कर लोगों के राशनकार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। सीडीओ दिवेश शाशनी ने कहा कि यदि कहीं कोई गड़बड़ी है तो शपथपत्र प्रस्तुत करें। जांच कराई जाएगी। डीएसओ विनोद चंद्र तिवारी ने पात्रता की जानकारी दी। सदस्यों ने जिपं पंचायत से सरकारी स्कूलों के विकास के लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग की। जिपं अध्यक्ष ने प्रत्येक सदस्य से दो स्कूलों के प्रस्ताव देने को कहा। सदस्यों ने कई विभागों के अधिकारियों के बैठक में मौजूद न रहने पर नाराजगी जताई।