बागेश्वर जिले में भनार के ग्रामीणों को संचार और पेयजल का संकट बना हुआ है। ग्रामीणों ने बीएसएनएल के टावर लगाने और गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जल्द समस्याओं का निदान करवाने की मांग की। बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे भनार के ग्रामीणों ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि दूरस्थ गांव भनार में बीएसएनएल के टावर को स्वीकृत हुए काफी समय हो गया है। टावर के लिए बिजली की लाइन का निर्माण हो गया है, लेकिन अभी तक टावर निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिसके चलते ग्रामीणों को नेटवर्क का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पूरी घाटी के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए तिमुलाबगड़ स्रोत से भनार गांव तक लाइन का निर्माण करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर भगवत सिंह, हर सिंह, भगत सिंह, उदय सिंह, बसंती देवी, धन सिंह, भरत सिंह थे।