किच्छा के दरऊ में भाजपा नेता प्रधान पति गफ्फार खान के भतीजे आमिल की हत्या से जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भाजपा नेता गफ्फार खान व बीडीसी साजिद खान के साथ एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात की। पूर्व विधायक शुक्ला ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद पर गफ्फार खान के पत्नी की जीत के बाद से चुनावी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उनके भतीजे आमिल (19) की घर में घुसकर हत्या कर दी। वारदात के 48 घंटे बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होना चिंताजनक है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी बीडीसी साजिद खान ने एसएसपी को बताया कि हमलावरों ने आमिल की हत्या कर उन पर भी जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर भी अंधाधुंध फायरिंग की। एसएसपी ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।