काशीपुर में ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन के आवाहन पर देशभर के राष्ट्रीयकृत बैंकों में यूनियन से जुड़े हुए लाखों बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे। हड़ताल का असर काशीपुर की सभी बैंक शाखों में दिखाई पड़ा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभी बैंक कर्मचारी रामनगर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर एकत्रित हुए और यहां पर उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। श्रम कानून में बदलाव का विरोध करते हुए सरकार से इन कानून को और बदलाव को खत्म करने की मांग की। श्रम कानून में बदलाव के विरोध में देश के लाखों बैंक कर्मी और मजदूर संगठन सांकेतिक रूप से हड़ताल कर रहे है। सभा में बोलते हुए पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ एसोसिएशन के ललित तिवारी ने सरकार को चेताया कि वह श्रमिक विरोधी नीतियों से बाज आए अन्यथा बैंक कर्मियों को बड़े आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी। बैंक ऑफ़ बड़ोदा स्टाफ एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रांतीय अध्यक्ष सत्यपाल शर्मा ने कहा कि बैंकों में नई भर्तियां लागू की जाएं, देश भर की बैंक शाखों में कर्मचारियों के साथ-साथ चतुर्थ श्रेणी स्वच्छता कर्मचारियों का भारी अभाव है। प्रदर्शन में ललित तिवारी, रोबिन सिंह, नितिन गोला, नरेश कुमार, आकाश सक्सेना, सचिन कुमार, राहुल यादव, गिरीश पोखरियाल, अभिषेक कार्की, विनोद कुमार, सुंदर सिंह कार्की आदि रहे।