टिहरी जिले के सीमांत घनसाली विधानसभा क्षेत्र में बदहाल शिक्षा व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को घनसाली जन संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में तालाबंदी का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक शक्ति लाल शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र के जिन विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक है, वहां शिक्षकों की कमी है, जबकि कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती अधिक है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई शिक्षक शिक्षण कार्य के बजाय अन्य गतिविधियों में व्यस्त हैं, जिससे सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में जल्द सुधार की मांग की।