ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बछेलीखाल बाजार में शुक्रवार देर रात एक कन्फेक्शनरी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग से जय सिंह रावत निवासी ग्राम बछेलीखाल की जय कन्फेक्शनरी स्टोर में रखा पूरा सामान और खाद्य सामग्री जलकर राख हो गई। डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने पर थाना देवप्रयाग पुलिस और बछेलीखाल चौकी की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद श्रीनगर यूनिट की फायर सर्विस टीम को बुलाया गया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।