टिहरी नरेंद्रनगर के पास के एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर दो युवकों का रेस्क्यू किया। शुक्रवार सुबह जिला नियंत्रण कक्ष टिहरी द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचित किया गया कि नरेंद्रनगर से दो किमी आगे रानीपोखरी बायपास रोड पर एक स्कॉर्पियो खाई में गिर गई है, जिसमें दो व्यक्ति सवार है। एक व्यक्ति स्वयं निकल गया, लेकिन दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर फंसा है। उक्त सूचना मिलते ही पोस्ट ढालवाला से एएसआई महावीर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम मय रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। स्कार्पियो वाहन में दो लोग सवार थे जो देहरादून से नरेंद्रनगर की ओर जा रहे थे। इस दौरान रानीपोखरी बायपास पर अनियंत्रित होकर वाहन खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।