रुद्रप्रयाग। बेलनी में प्रस्तावित नए पुल के निर्माण के विरोध में मंगलवार को स्थानीय भवन स्वामियों और व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। वहीं स्थानीय व्यापारियों और लोगों के प्रदर्शन को नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत और सभी सभासदों ने भी समर्थन दिया और प्रस्तावित पुल पर आपत्ति जताई। लोगों का कहना है कि नए पुल के निर्माण से उनकी आजीविका और व्यापार प्रभावित होने के साथ ही वर्षों पुराने मकानों से भी विस्थापित होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने प्रस्तावित नए पुल के बजाय पुराने पुल को ही मरम्मत कर उपयोग में लाने की मांग की। उनका कहना है कि बदरीनाथ-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाला नया पुल अगले महीने खुलने वाला है, ऐसे में कुछ दूरी पर एक और नए पुल के निर्माण की आवश्यकता पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। स्थानीय व्यापारी दलवीर सिंह बर्त्वाल ने कहा कि उनका परिवार करीब 59 वर्षों से यहां रह रहा है और नए पुल की जद में भवन आने से उन्हें व्यापार व आजीविका के साथ विस्थापन की समस्या झेलनी पड़ेगी। वहीं सभासद अंकुर खन्ना और सुरेंद्र रावत ने भी पुराने पुल को ही दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेलनी में प्रस्तावित पुल के बनने से 35 से अधिक परिवारों सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी से वार्ता की जाएगी।