फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rudraprayag: आपदा प्रबंधन मंत्री ने की समीक्षा, कहा- बंद सड़कें जल्द खुलें, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाएं

रुद्रप्रयाग। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को जिला कार्यालय सभागार में मानसून, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास और केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोलने और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। मंत्री ने बंद व बाधित मार्गों, उपलब्ध मशीनरी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व क्यूआरटी की तैयारियों, हेलीपैड, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों, आरवीएनएल की निर्माणाधीन सुरंगों और केदारनाथ पैदल मार्ग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क पर मलबा आने की स्थिति में इंपैनल मशीनों को तत्काल मौके पर भेजकर यातायात सुचारु किया जाए। मशीनरी और उपकरणों की लोकेशन की अद्यतन जानकारी रखने के भी निर्देश दिए।अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा समेत बाजार क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पर उन्होंने स्थायी समाधान के लिए प्रभावी ड्रेनेज प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही पेयजल, विद्युत, सिंचाई नहर, आयुष अस्पताल, पंचायत भवन और आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों व अन्य परिसंपत्तियों की स्थिति की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को टीम भावना और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं पुनर्स्थापना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पीपलकोटी घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया के लिए लगातार प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल कर तैयारियां मजबूत की जा रही हैं। बैठक में विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, एसपी नीहारिका तोमर, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा, डीडीओ मनविंदर कौर और एनएच के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें