बीते दिनों नगरासू क्षेत्र में अवैध पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ पकड़े गए झांसी के व्यक्ति उदय सिंह सिंह पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई की बात कही है। सोमवार को अगस्त्यमुनि में गौधाम के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से वार्ता में जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि बीते दिनों हमारे पास सूचना आई थी कि रेडियोलॉजिस्ट खुद को बताने वाला एक व्यक्ति अल्ट्रासाउंड की पोर्टेबल मशीन लेकर घूम रहा था। जब सीएमओ द्वारा इस व्यक्ति की जांच की गई तो पता लगा कि यह आयुर्वेद का डॉक्टर है, जिसके पास अवैध रूप से एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन है। उन्होंने कहा कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत किसी भी व्यक्ति को अल्ट्रासाउंड मशीन रखने का अधिकार नहीं है क्योंकि इससे किसी का लिंग जाना जा सकता है, जो की एक कानून अपराध है। यह व्यक्ति भी किसी न किसी तरह से इस अपराध में सम्मिलित था। सीएमओ रुद्रप्रयाग द्वारा बताया गया कि इसके पास अबॉर्शन और मेडिकल टर्मिनेशन की दवाइयां और उपकरण भी पाए गए हैं। झांसी के इस व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है और इसे अरेस्ट करके रखा गया है।