16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर शनिवार को जनपद में मतदाता जागरूकता पर स्वीप टीम द्वारा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में निबंध, लेखन, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम की थीम वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम एवं मेरा भारत, मेरा वोट, रखी गई थी। जिसके माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र की मूल भावना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा) अजय चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक मतदाता की सहभागिता से ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण संभव है। मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट ने कहा कि मतदान का अधिकार हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, जिसका उपयोग कर हम राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन जोशी ने बताया कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निरंतर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं जनपद में प्रत्येक चुनाव के साथ मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो रही है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं व कैम्पस एंबेसडरो को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।