अगस्त्यमुनि विकासखंड अगस्त्यमुनि सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा और प्रमाण पत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। बैठक में मौजूद केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि विकास कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनप्रतिनिधियों से संवाद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में विधायक निधि से अगस्त्यमुनि विकासखंड में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। बैठक में विधायक ने अगस्त्यमुनि पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने को कहा। वहीं प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज वैष्णव ने स्यालसौड़-चंद्रापुरी क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान का मामला उठाया। इस पर विधायक ने कहा कि निर्माणाधीन विद्यालय के समीप शराब की दुकान नहीं खोली जाएगी। क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट सिंह राणा ने ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र में आ रही विसंगतियों का मुद्दा उठाते हुए समाधान की मांग की। बैठक में जिला प्रधान संगठन अध्यक्ष विजयपाल जगवाण ने भी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्याओं को उठाया ।