रुड़की। नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को तीन दिवसीय फेडरेशन कप टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के संयोजक दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उद्घाटन अवसर पर खेले गए मुकाबलों में पांडिचेरी ने जम्मू-कश्मीर को 10 विकेट से हराया। पूल बी में गोवा ने महाराष्ट्र को 7 विकेट से पराजित किया, जबकि पूल ए में मेजबान उत्तराखंड ने राजस्थान को 8 विकेट से मात दी। पूल सी के मुकाबले में तमिलनाडु ने लक्षद्वीप को 5 विकेट से हराया। महिला वर्ग में पूल ए के मैच में पांडिचेरी ने महाराष्ट्र को 28 रनों से हराया, वहीं पूल बी में तमिलनाडु ने गोवा को 6 विकेट से पराजित किया। मुख्य कार्य अधिकारी उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन अमजद हुसैन ने बताया कि यह 33वीं चैंपियनशिप है, जिसमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पांडिचेरी, तमिलनाडु और लक्षद्वीप सहित कई राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मैच खेले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे और समापन पर विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और अनुशासन व देशभक्ति के साथ खेल में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं मैदान में बैटिंग कर और टॉस कर टूर्नामेंट का शुभारंभ कराया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री शादाब शम्स, हज कमेटी अध्यक्ष साकिब अहमद, भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप, प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़, राष्ट्रीय सचिव इमरान अहमद लहरी, कोच अवतार सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजीव तोमर और पार्षद ताहिर अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।