सिविल अस्पताल रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. संजय कंसल ने स्वास्थ्य क्षेत्र में 28 वर्ष छह माह की सेवाएं देने के बाद बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। डॉ. कंसल ने वर्ष 1997 में जनपद चमोली से अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने नागसमनी, ऋषिकेश, टिहरी, रुड़की, उत्तरकाशी में अपनी सेवाएं दीं और अंत में फिर से सिविल अस्पताल रुड़की में बतौर सीएमएस कार्य करते हुए सेवानिवृत्त हुए। डॉ. संजय कंसल के सेवानिवृत्त होने के उपरांत सिविल अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एके मिश्रा को नया मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। डॉ. कंसल की सेवानिवृत्ति के अवसर पर सिविल अस्पताल परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम में सभी कर्मचारियों ने डॉ. कंसल को फूल-मालाएं पहनाकर एवं उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेवानिवृत्ति अवसर पर डॉ. संजय कंसल ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा का जो अवसर उन्हें मिला वह उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अनुभव रहा।