जौलीग्रांट क्षेत्र में हरेला पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भानियावाला, अठुरवाला, रानीपोखरी, थानों आदि स्थानों पर पौधरोपण किया गया। हरेला पर्व पर लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। जूनियर हाई स्कूल कोठारी मोहल्ले के प्रांगण में कोठारी मोहल्ला, प्राथमिक विद्यालय, ग्रांट और आंगनबाड़ी केंद्र सैनिक मोहल्ला द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम किया गया। आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने क्षेत्रीय लोगों और स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधारोपण कर उन्हें बड़ा होने तक उनकी देखभाल की जानी चाहिए। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण पेड़ कम और कंक्रीट का जंगल ज्यादा हो गया है। जिस कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ता जा रहा है। इसलिए अधिक संख्या में पौधरोपण कर उनको वृक्ष होने तक देखभाल की जानी चाहिए।