गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचने लगे और दिनभर आस्था की डुबकी लगाते रहे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की पूजा कर अन्न, धन, वस्त्र आदि का दान किया। कई श्रद्धालुओं ने खिचड़ी, कढ़ी-चावल, खीर आदि का प्रसाद वितरित कर पुण्य अर्जित किया। घाट क्षेत्र में जगह-जगह भंडारे लगाए गए, जिनमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।