पिथौरागढ़ जिले के धारी जोशी-जिबालपाटा सड़क को भी वर्ष 2019 में स्वीकृति मिली थी लेकिन अब तक इसका निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में क्षेत्र के लोग परेशान हैं। धारी, डुंगरा सहित आसपास के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम को ज्ञापन देते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में सड़क को स्वीकृति मिली। पौण, पपदेव, डुंगरा, पाभै, धारी सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए अनापत्ति भी लोनिवि को दी। चंडाक जेल बैंड से सड़क का निर्माण भी शुरू हुआ। दो किमी सड़क बनी लेकिन शेष 500 मीटर में सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो सका है। वन निगम को स्वीकृति मिलने के बाद भी सड़क की जद में आ रहे पेड़ों का कटान नहीं किया जा रहा है इससे यह लटक गई है। सड़क न बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना मजबूरी है। चेतावनी देते हुए कहा जल्द सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में पुष्कर सिंह बोहरा, चंद्रमोहन पांडे, रमेश चंद्र जोशी, षष्टी बल्लभ, प्रेम सिंह आदि शामिल रहे।