पिथौरागढ़ में चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिर माता के जयकारों से गुंजायमान रहे। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। जिला मुख्यालय के घंटाकरण, लक्ष्मीनारायण, उल्का देवी, शिव मंदिर के साथ ही चंडिका धुरा, चंडिका घाट, गुरना पाषाण देवी, ध्वज जयंती, कामाख्या, वरदानी मंदिर के साथ ही गंगोलीहाट में हाटकालिका, पांखू में कोटगाड़ी मंदिर में सुबह से ही महिलाएं और पुरुष पूजा-अर्चना के लिए उमड़ने लगे। महिलाओं ने मंदिरों में भजन भी गाए। पहले दिन मां के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की गई। नौ दिन के व्रत पर रह रहे लोगों ने घरों में कलश की स्थापना कर पूजा की और हरेला बोया।