पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए 14 से 23 वर्ष तक के बालक- बालिकाओं की चयन प्रक्रिया सोमवार से जिले के सभी विकास खंडों में शुरू हो गई। नगर निगम और विकासखंड विण क्षेत्र के बच्चों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सुरेंद्र सिह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। पहले दिन 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, फुटबाल, बास्केटबाल, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, वालीबाल, बास्केटबाल, हॉकी, टेबल-टेनिस और कबड्डी में शारीरिक दक्षता परीक्षण आयोजित की गई। इसमें रेस, शटल रन, फ्लाइंग रन में बच्चों ने अपना दमखम दिखाया। वहीं जिले के अन्य ब्लॉकों में प्रत्येक नगर पालिका-विकास खंड स्तर पर चयन समिति ने बच्चों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि इसमें प्राप्त अंकों के आधार पर प्रत्येक नगर पालिका से एक बालक और एक बालिका जबकि विकासखंड और नगर निगम से दो बालक तथा दो बालिका का चयन प्रत्येक आयु वर्ग और खेल में किया जायेगा। चयनित खिलाड़ी आगामी 8 से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तर पर शारीरिक दक्षता परीक्षण के साथ निर्धारित 12 खेल विधाओं में खेल योग्यता परीक्षा होगी। इसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन और वरीयता के आधार पर 200 खिलाड़ियों का अंतिम चयन किया जाएगा।