स्वास्थ्य सेवा के मामले में सीमांत जिले के नाम बढ़ी उपलब्धि जुड़ी है। अब जिले के मरीजों को दूरबीन विधि से ऑपरेशन कराने के लिए मैदानी क्षेत्रों के बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना होगा। उन्हे स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा मिलेगी। जिला अस्पताल में दूरबीन विधि से ऑपरेशन शुरू हो गए हैं। लेप्रोस्कोपी मशीन से 30 वर्षीय महिला का ऑपरेशन कर पित्ताशय निकाला गया। जिला अस्पताल में मरीजों को दूरबीन विधि से ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। डीएम विनोद गोस्वामी, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल ने संयुक्त रूप से लैप्रोस्कोपी मशीन का शुभारंभ किया। डीएम ने कहा कि सीमांत और दुर्गम जिले में दूरबीन विधि से ऑपरेशन शुरू होना यहां के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। पहले दिन सर्जन डॉ. लाल सिंह बोरा और उनकी टीम ने 30 वर्षीय महिला का दूरबीन विधि से पित्ताशय का सफल ऑपरेशन किया। डीएम ने डॉ. बोरा और उनकी टीम बधाई दी। कहा कि सीमांत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने का काम जारी है। वहीं दूरबीन विधि से ऑपरेशन शुरू होने से सीमांत के लोगों में भी खुशी है। इस मौके पर पीएमएस डॉ. भागीरथी गर्ब्याल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। अब तक जिला अस्पताल में सिर्फ चीरा और टांका लगाकर ही ऑपरेशन की सुविधा थी। दूरबीन विधि से ऑपरेशन के लिए मरीज सिर्फ मैदानी क्षेत्रों के बड़े अस्पतालों पर निर्भर थे इसमें इनका समय और धन दोनों की खर्च हो रहा था। अब स्थानीय स्तर पर दूरबीन विधि से ऑपरेशन की सुविधा मिलने पर सीमांत के लोगों को खासी राहत मिलेगी।