मुनस्यारी क्षेत्र में लंबे समय से बंद सड़कें नहीं खुलीं तो ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ने लगी हैं। क्षेत्र के लोग जल्द बंद सड़कों को खोलने की मांग पर 120 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंचे। कहा कि यदि 10 दिन के भीतर सड़कें नहीं खुलीं तो अनशन शुरू किया जाएगा। मुनस्यारी क्षेत्र के लोग यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि क्षेत्र में मोती घाट-गोल्फा, चीलमधार-क्वीरिजिमिया, झापुली-तोमिक, झापुली-बोना सड़कें तीन महीने से बंद हैं। इन सड़कों के बंद होने से ग्रामीण कई तरह की दिक्कतें झेल रहे हैं। बीमारों और गर्भवतियों का अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो रहा है। कहा कि लंबे समय से सड़कों को खोलने की मांग की जा रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान लोगों ने शीघ्र बंद सड़कों को खोलने के साथ ही बोना, गोल्फा के आपदा प्रभावितों के विस्थापन और धापा, जोशा, गांधीनगर के आपदा प्रभावितों को मुआवजे की दूसरी किस्त शीघ्र देने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा यदि 10 दिन के भीतर सभी मांगे पूरी नहीं हुईं तो वे अनशन शुरू कर देंगे।