शनिवार को अस्कोट के ग्रिफ कैंप गेट के पास ग्रामीण एकता मंच के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में ग्रेफ में स्थानीय लोगों को मजदूरी में रखने में प्राथमिकता दिए जाने पर चर्चा की गई। मंच के संयोजक तरुण पाल ने कहा कि शीघ्र ही अस्कोट में ग्रेफ की नई यूनिट पहुंचने वाली है। नई यूनिट के अधिकारियों के सम्मुख स्थानीय लोगों को मजदूरी में रखने की मांग की जाएगी। यदि स्थानीय के बजाय बाहरी लोगाें को मजदूरी कार्य पर रखा गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय लोगों के रोजगार के लिए यदि जरूरत पड़ी तो धरना और तालाबंदी करने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला पाल, गोपी, नरेंद्र बसेड़ा, प्रकाश सिंह, महेश धामी, किशन खोलिया, होशियार भंडारी, पंकज अवस्थी, नरेंद्र प्रसाद, प्रेम सिंह, हर सिंह, गोपाल राम, कल्याण राम, भुवन पाल, राजेंद्र सिंह, देवी दत्त, हर दत्त, दिव्या, संतोष, खड़क राम, हरीश कुमार, लक्ष्मण भंडारी आदि उपस्थित रहे।