पिथौरागढ़ में गर्मी शुरू होते ही मल्ला जोहार के ग्रामीणों का प्रवास से उच्च हिमालयी क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांवों में लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। ग्रामीणों की टूटे पुल ने राह रोक दी है। एक साल पूर्व आपदा से मिलम के पास गोरी नदी में बना पुल टूट गया था इसका अब तक निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में ग्रामीण परेशान हैं। हालात यह है कि ग्रामीणों को अपने पैतृक गांवों में पहुंचने के लिए बदहाल रास्ते के बीच 10 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ रहा है। मल्ला जोहार के गनघर, पांछू गांव को जोड़ने वाला गोरी नदी में बना पैदल पुल बीते वर्ष आपदा में टूट गया था। इसी पुल से होकर ग्रामीण मैदानी क्षेत्रों से प्रवास से लौटकर मवेशियों के साथ अपने इन पैतृक गांवों में पहुंचते हैं। ग्रामीणों का इन गांवों में लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है लेकिन अब तक पुल नहीं बन सका। ऐसे में ग्रामीण खासे परेशान हैं। मजबूर होकर ग्रामीण अपने गांवों में पहुंचने के लिए मर्तोली होते हुए 10 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगा रहे हैं। अब तक पुल का निर्माण न होने से ग्रामीणों में आक्रोश भी है।