13 वर्ष पूर्व स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों को पैदल आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। काणाधार के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर छड़नदेव-काणाधार मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2011 में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद नौ किमी छड़नदेव-काणाधार मोटर मार्ग के लिए कटिंग कार्य की स्वीकृति मिली थी। इसमें से अस्कोट लोनिवि ने पांच किमी मोटर मार्ग में कटिंग का कार्य किया। इसके बाद विभाग ने बीच चट्टान में ही कटिंग कार्य को रोक दिया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता पिछले डेढ़ दशक से सड़क बनने का इंतजार कर रही है। सड़क नहीं बनने से कई परिवार पलायन कर चुके हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र लोक निर्माण विभाग को सड़क कटिंग के लिए निर्देशित करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में हरीश चंद्र जोशी, पुष्कर चंद्र जोशी, बहादुर राम, विक्रम सिंह, कृणानंद पंत मौजूद रहे।