पिथौरागढ़। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला जलाते हुए कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी को हिंदू और सनातन विरोधी बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संसद में राहुल गांधी ने हिंदुत्व और सनातन धर्म पर सवाल उठाए जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सनातन धर्म का अपमान कर हर हिंदु की भावनाओं को आहत किया है। इस कृत्य के लिए देश की जनता राहुल गांधी और कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। कांग्रेस आज मुद्दाविहीन हो चुकी है। अब इस तरह के हथकंडे अपना रही है जिसे जनता भली-भांति समझती है। सभी ने कहा कि राहुल गांधी को अपने कृत्य के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। पुतला जलाने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विरेंद्र बोहरा, दिवाकर जोशी, इंद्र लुंठी, रघुवीर सिंह बिष्ट, रवि जंग, ललित भट्ट, महिला मोर्चा की अध्यक्ष लक्ष्मी मेहता, प्रियंका पांडे, ऊषा तिवारी, कल्पना टम्टा, भावना भट्ट आदि मौजूद रहे।