लंबे समय तक विवादों में रहा बेलतड़ी-क्वारबन सड़क पर पुल फिर से चर्चाओं में आ गया है। यहां पांच साल बाद भी पुल तो बना नहीं, अब इसके नाम पर भ्रष्टाचार का नया अध्याय जुड़ गया है। पुल का निर्माण किए बिना ही इसके नाम पर 96 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा नेता भी सवाल उठा रहे हैं। दरअसल बेतलड़ी, क्वारबन और धारीऐर क्षेत्र की 15 हजार की आबादी की आवाजाही सुगम बनाने के लिए वर्ष 2020 में आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया। इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए क्वारबन गधेरे पर 3.78 करोड़ रुपये की लागत से 48 मीटर लंबे स्पान पुल का निर्माण होना था। सड़क तो बना दी गई लेकिन अब तक पुल न बनने से यह सड़क क्षेत्र के लोगों के काम नहीं आ रही है।