श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर का गोला पार्क रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। नगर निगम की ओर से पार्क को स्वतंत्रता दिवस के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया है। बिजली की रंग-बिरंगी लड़ियों और तिरंगी सजावट के बीच बज रही देशभक्ति की धुनों ने पार्क की रौनक और बढ़ा दी। शाम होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पार्क पहुंचे और सजावट के बीच सेल्फी व फोटो खिंचवाते नजर आए।शुक्रवार शाम गोला पार्क का नजारा पूरी तरह बदला हुआ दिखाई दिया। पार्क और आसपास के क्षेत्र को तिरंगे के रंगों में सजाया गया है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजार में भी उत्साह दिखाई दिया। लोग राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे बैज और अन्य सामग्री की खरीदारी करते नजर आए।