श्रीनगर में धनतेरस पर्व पर बाजारों में खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोपहर बाद बाजारों में ऐसी भीड़ उमड़ी कि हर गली और चौक पर रौनक ही रौनक नजर आई। सुबह के समय जहां भीड़ कुछ कम थी, वहीं दोपहर बाद बाजारों में कदम रखने की जगह नहीं रही। पुलिस प्रशासन के द्वारा वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने से इस बार जाम की समस्या नहीं हुई। बाजारों में पैदल चल रहे लोग बिना किसी परेशानी के खरीदारी करते नजर आए। धनतेरस पर बर्तनों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ दिनभर बनी रही। दुकानों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस बार तांबे, कांसे और पीतल के बर्तनों की मांग सबसे अधिक रही।