पौड़ी। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का घर-घर चरण शुरू हो गया है। 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ प्रत्येक घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और नए मतदाताओं को जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने व आवश्यक संशोधनों के लिए जानकारी जुटाएंगे। इस चरण में किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना प्राथमिकता है। प्रारूप मतदाता सूची 14 जुलाई को और अंतिम सूची 15 सितंबरको प्रकाशित की जाएगी।