पौड़ी जिला मुख्यालय में रविवार को कांग्रेस ने परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत रैली निकाली, जो एजेंसी चौक से प्रेक्षागृह तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा के राज में राममंदिर में घोटाले का मामला सामने आया है लेकिन अभी तक एक भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना लागू होने के बाद प्रदेश के युवा परेशान है। सरकार ने यह योजना लागू कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार विधानसभा चुनाव में 45 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सजवाण ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी का समर्थन बढ़ाने और एकजुट रहने की अपील की। वहीं विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि जनता सरकार से नाराज है और कांग्रेस के प्रति समर्थन बढ़ रहा है, साथ ही गुटबाजी छोड़कर एकजुटता पर जोर दिया।