श्रीनगर में भीषण गर्मी के बीच राहत पाने के लिए लोग अलकनंदा नदी का रुख कर रहे हैं, लेकिन यह राहत कई बार खतरनाक साबित हो रही है। शनिवार को अलकेश्वर घाट पर 5-6 युवकों का समूह नदी में नहाते हुए ऊंची जगहों से छलांग लगाता और खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया। घाट पर पहले से चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद युवक गहरे पानी में बेखौफ होकर तैरते और करतब करते नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलिंग के पास खुले हिस्सों और बढ़े जलस्तर के कारण यहां दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि कुछ युवक नशे की हालत में भी हो सकते थे, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है।