नैनीताल जिले के आलुखेत क्षेत्र में पेयजल की समस्या के लिए विभाग को श्रमिक नहीं मिले तो ग्रामीणों ने खुद श्रमदान कर फॉल्ट खोज लिया। लोअर मॉल रोड पर फॉल्ट मिलने के बाद सोमवार से पेयजल सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है। बलियानाले से लगी पहाड़ी के आलूखेत क्षेत्र में 80 से अधिक परिवारों वाले गांव की आबादी लगभग 400 है। क्षेत्र में नैनीताल जल संस्थान की ओर से प्राकृतिक जलस्रोत वाली लाइन से पानी दिया गया है जबकि यह क्षेत्र अब जल निगम के अंतर्गत आता है। करीब एक सप्ताह पूर्व यहां पानी बंद हो गया। नैनीताल में मल्लीताल पंप हाउस से लोअर मॉल रोड के प्रभावित स्थल तक दस से अधिक स्थानों पर खुदाई की गई। रविवार को लगभग तीन बजे ग्रामीणों को लाइन में फॉल्ट मिला। जल संस्थान के ईई रमेश गर्ज्याल ने बताया कि आलूखेत को जाने वाली प्राकृतिक स्रोत वाली लाइन का फॉल्ट खोज लिया है। इस कार्य में अभियंता, लाइनमैन, ठेकेदार की ड्यूटी लगाई थी। सोमवार से सप्लाई दुरुस्त कर ली जाएगी।