नैनीताल में बुधवार रात 12 बजते ही हैप्पी न्यू ईयर के उद्घोष से सरोवर नगरी गूंज उठी। होटल, रेस्टोरेंट समेत अन्य जगहों पर लोग नए साल के स्वागत में झूम उठे। आतिशबाजी के साथ लोगों ने 2025 को अलविदा कहा और नए साल 2026 का स्वागत किया। जश्न मनाने के लिए पहुंचे पर्यटकों ने देर रात तक मौज-मस्ती की। 31 दिसंबर के मौके पर इस बार उम्मीद के अनुरूप कम सैलानी नैनीताल पहुंचे। इससे कारोबारी निराश नजर आए। दोपहर दो बजे तक मॉल रोड पर रोजाना की तरह ही पर्यटकों की आवाजाही थी। तीन बजे बाद शहर के अंदरूनी पार्किंग स्थल वाहनों से पैक हुए तो पुलिस ने नैनीताल आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास और नारायण नगर स्थित अस्थाई पार्किंग में ही रोक दिया। इससे वहां वाहनो की लंबी कतार लग गई। केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश दिया गया जिनके पास पार्किंग वाले होटलों की बुकिंग थी। शाम होते-होते तल्लीताल से मल्लीताल तक सैलानियों का जमावड़ा नजर आया। मॉल रोड, पंत पार्क, नयना देवी मंदिर समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर खासी भीड़ जुटी।