टी20 विश्व कप में भारत की शानदार जीत की खबर मिलते ही हल्द्वानी शहर जश्न में डूब गया। देर रात अचानक पटाखों की तेज आवाजें सुनाई दीं तो कई लोग घरों में सोए हुए थे, लेकिन पटाखों की गूंज के साथ ही सभी समझ गए कि भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में जीत हासिल कर ली है। इसके बाद शहर के कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को बधाई देने लगे। शाम करीब 7 बजे से शुरू हुए इस मुकाबले को देखने के लिए शहर के लोग अपने घरों, दुकानों और रेस्टोरेंट में टीवी के सामने बैठे रहे। कई युवा और क्रिकेट प्रेमी पूरे मैच के दौरान मोबाइल फोन पर लाइव मैच देखते हुए उससे चिपके रहे। जैसे-जैसे मुकाबला रोमांचक होता गया, लोगों की उत्सुकता भी बढ़ती गई और आखिरी गेंद तक सभी की नजरें स्क्रीन पर टिकी रहीं। मैच समाप्त होते ही हल्द्वानी के बाजारों, कॉलोनियों और मुख्य चौराहों पर युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे जलाकर जश्न मनाया। युवाओं ने तिरंगा लहराया और “भारत माता की जय” व “इंडिया-इंडिया” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। लोगों ने मोबाइल फोन के जरिए अपने मित्रों और रिश्तेदारों को कॉल कर बधाई दी और सोशल मीडिया पर भी जीत की खुशी साझा की। जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने मैच में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्ति की। उन्होंने कहा कि संजू सैमसन ने अपने करियर के बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, वहीं अभिषेक शर्मा भी अपनी पुरानी आक्रामक लय में लौटते हुए नजर आए। गेंदबाजी में भी भारत का दबदबा साफ दिखाई दिया। जसप्रीत बुमराह की तेज और सटीक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और बार-बार दबाव में आते गए। मिनी स्टेडियम के क्रिकेट कोच त्रिलोक सिंह जीना ने भारतीय खिलाड़ियों और देशवासियों को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई दी।