हल्द्वानी शहर में आयोजित सरस मेले में बृहस्पतिवार देर शाम तक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। दर्शक लोकगीतों की धुन पर झूमते नजर आए। मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री डाॅ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि यह मेला महिला समूहों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो रहा है। इससे महिलाओं को आर्थिक लाभ के साथ-साथ संस्कृति को समझने का अवसर भी मिल रहा है। कहा कि सरकार महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। विशिष्ट अतिथि कोटाबाग के प्रशासक रवि कन्याल सहित अन्य नागरिकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। उत्तराखंड के लोकगायक इंदर आर्या, राकेश खनवाल, नीरज चुफाल समेत अन्य कलाकारों ने बेहतरीन प्रस्तुति से समा बांध दिया।