जागेश्वर धाम से लौट रहे यूपी के श्रद्धालुओं का वाहन रविवार देर रात हल्द्वानी-चोरगलिया हाईवे पर शेर नाला पार करने के दौरान पलट गया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने रस्सी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन के शीशे तोड़कर सभी लोगों को सकुशल निकाल लिया। पीलीभीत (यूपी) के श्रद्धालु रविवार रात करीब 12 बजे जागेश्वर धाम से दर्शन कर फॉर्च्यूनर कार से घर लौट रहे थे। तेज बारिश के कारण हाईवे पर पड़ने वाले शेरनाले पर पानी का तेज बहाव था लेकिन घर जाने की जल्दी में चालक ने नाले पर वाहन डाल दिया। पानी के तेज बहाव में वाहन पलटकर बहने लगा। इस बीच थोड़ा जाकर वाहन पत्थर से अटक गया। घटना से वाहन में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।